सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा सम्पन्न: उत्तराखंड के तीर्थयात्री वेरावल से हुए रवाना, गुजरात सरकार के आतिथ्य की सराहना

देहरादून/सोमनाथ, 17 जुलाई 2026। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा में उत्तराखंड से शामिल तीर्थयात्रियों का दल शुक्रवार शाम 4:00 बजे गुजरात के सोमनाथ स्थित वेरावल रेलवे स्टेशन से उत्तराखंड के लिए रवाना हो गया। यात्रा के समापन पर सभी श्रद्धालु अपने साथ आध्यात्मिक अनुभवों और अविस्मरणीय यादों का संजोकर लौटे।
यात्रा के अंतिम दिन तीर्थयात्रियों ने सोमनाथ के प्रसिद्ध हाट बाजार का भ्रमण किया और खरीदारी का आनंद लिया। शॉपिंग के बाद सभी श्रद्धालु वेरावल रेलवे स्टेशन से उत्तराखंड के लिए रवाना हुए।
तीर्थयात्रियों ने गुजरात सरकार एवं संस्कृति विभाग, गुजरात द्वारा यात्रा के दौरान की गई उत्कृष्ट व्यवस्था, सेवा, आतिथ्य और सम्मान की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार की यह पहल न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देती है, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के आदान-प्रदान को भी सशक्त बनाती है।
श्रद्धालुओं ने यात्रा को सफल एवं यादगार बनाने के लिए गुजरात सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पूरे प्रवास के दौरान आत्मीयता और सम्मान का अनुभव हुआ। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड सरकार और संस्कृति विभाग, उत्तराखंड का भी धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके प्रयासों से उन्हें इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक यात्रा का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त हुआ।
तीर्थयात्रियों ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रही और वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें इस महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहल का सहभागी बनने का अवसर मिला। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार की यात्राओं का आयोजन होता रहेगा, जिससे देश की सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय भावनाओं को और अधिक मजबूती मिले।



