सांसें हो रही कम, आओ! वृक्ष लगाएं हम : हरेला पर्व पर भारत विकास परिषद गंगोत्री शाखा ने बांटे 280 पौधे
देहरादून, 16 जुलाई। हरेला पर्व के अवसर पर भारत विकास परिषद गंगोत्री शाखा, देहरादून द्वारा गांधी पार्क में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नि:शुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना और हरित पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद के पूर्व प्रांतीय महासचिव डॉ. सतीश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान आम, जामुन, अमरूद, आंवला, केशिया, अमलतास, बेल, गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के 280 पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया। बड़ी संख्या में गांधी पार्क पहुंचे लोगों ने अपनी आवश्यकता के अनुरूप पौधे प्राप्त किए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद गंगोत्री शाखा के मुख्य संरक्षक रोशनलाल अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष डॉ. एस.के. अग्रवाल, महासचिव पीयूष निगम, कोषाध्यक्ष डॉ. ताराचंद गुप्ता, मोती दीवान, सीए एस.के. अग्रवाल, संगठन सचिव तनवीर सिंह, उमेश जिंदल, अमित रावत, गुरमन सिंह, इंदू शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आमजन को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में शाखा के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए स्वयं भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। हरेला पर्व पर आयोजित इस पहल को लोगों ने सराहा और इसे हरित उत्तराखंड की दिशा में एक सार्थक प्रयास बताया।