उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

देहरादून में 16 जुलाई को निकलेगी 29वीं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, तैयारियां पूरी

प्रेस वार्ता में आयोजन समिति ने साझा किया कार्यक्रम, मुख्यमंत्री समेत गणमान्य अतिथियों को आमंत्रण

देहरादून,14 जुलाई 2026। श्री राम मंदिर समिति, दीपलोक कॉलोनी एवं श्री श्री जगन्नाथ रथ यात्रा आयोजन समिति ने मंगलवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर आगामी 16 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली 29वीं गुड़ींचा श्री श्री जगन्नाथ रथ यात्रा की विस्तृत जानकारी दी। समिति ने बताया कि ओडिशा के श्री जगन्नाथ पुरी मंदिर की परंपरा के अनुरूप देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी।
समिति ने बताया कि लगभग 15 दिनों से अनसर काल के दौरान विश्राम कर रहे भगवान श्री जगन्नाथ के मंदिर के कपाट मंगलवार सायंकाल पूजा-अर्चना के बाद खोले जाएंगे। कपाट खुलने के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रभु के नवयौवन स्वरूप के दर्शन होंगे तथा उनकी दशावतार आरती संपन्न की जाएगी।
16 जुलाई को प्रातः 7:30 बजे वेद मंत्रों के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र, सुभद्रा एवं सुदर्शन का मंगल स्नान एवं अभिषेक शक्तिपुत्र डॉ. सुभाष चंद्र सतपथी एवं पंडित पुरुषोत्तम डिमरी द्वारा कराया जाएगा। इसके बाद छेनापट्टा, सामूहिक दशावतार आरती और पारंपरिक पहुंडी विजे की रस्म निभाई जाएगी। भगवान की प्रतिमाओं को सुसज्जित नंदी घोष रथ में विराजमान कराया जाएगा।
सुबह 9 बजे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री अथवा उनके प्रतिनिधि, सांसद, महापौर एवं अन्य गणमान्य अतिथि पारंपरिक छेरा पहरा की रस्म निभाएंगे। इसके बाद हरिनाम संकीर्तन और “हरि बोल” के जयघोष के बीच श्रद्धालु रथ को खींचकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
रथ यात्रा का पहला पड़ाव कृष्ण नगर चौक स्थित श्री राधे-कृष्ण मंदिर होगा, जिसे भगवान की गुड़ींचा मौसी का घर माना जाता है। यहां भगवान का विशेष पूजन, श्रृंगार, भोग एवं श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा।
रथ यात्रा श्री राम मंदिर, दीपलोक कॉलोनी से प्रारंभ होकर कृष्ण नगर चौक, बिंदाल पुल, कनॉट प्लेस, घंटाघर, पलटन बाजार, धामावाला, रामलीला बाजार, मां शाकंभरी मंदिर, तिलक रोड, साईं मंदिर होते हुए पुनः श्री राम मंदिर पहुंचेगी।
इस वर्ष दिल्ली के मनीष अरोड़ा को भगवान श्री जगन्नाथ के रथ का सारथी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
रथ यात्रा के मंदिर लौटने पर भगवान श्री जगन्नाथ एवं माता लक्ष्मी के मध्य पारंपरिक मान-मनुहार की लीला का मंचन किया जाएगा। इसके उपरांत चारों विग्रहों को रत्न सिंहासन पर विराजमान कराया जाएगा। श्रद्धालुओं को महाप्रसाद, रहणी प्रसाद एवं फल-मिष्ठान वितरित किए जाएंगे तथा शाम 7:30 बजे दशावतार आरती के बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
प्रेस वार्ता में मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सचिव सुनील शर्मा, उत्सव मंत्री जे.एस. चुग, कोषाध्यक्ष सुनील गोयल, उपाध्यक्ष एस.के. गांधी, प्रचार मंत्री अनिल बंगा, सह सचिव शंकर थापा सहित सुशील बग्गा, तरुण सक्सेना, आर.के. गुप्ता, नारायण दास अरोड़ा, बालेश गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, विक्की गोयल, सुधीर गुप्ता, मनमोहन सिंह, अश्वनी जैन, कल्याण चक्रवर्ती, मनीष मौर्य, अनुराग गुप्ता, संजीव गोयल एवं अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button