उत्तराखण्डधर्म-कर्म

देहरादून में गूंजा श्रीराम नाम, अजय याग्निक के सुन्दरकाण्ड पाठ ने बांधा भक्ति का समां

देहरादून,14 जुलाई। भाऊवाला स्थित अतुल्यम रिसोर्ट मंगलवार को श्रीराम और बजरंगबली के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। श्री श्री बालाजी सेवा समिति (रजि.), देहरादून के तत्वावधान में आयोजित दिव्य सुन्दरकाण्ड पाठ में विश्व विख्यात कथावाचक श्री अजय याग्निक ने लगभग तीन घंटे तक अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को रामभक्ति के रस में सराबोर कर दिया।
सायं 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक चले इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे पंडाल में “जय श्रीराम” और “बजरंगबली की जय” के उद्घोष गूंजते रहे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण भव्य राम दरबार की दिव्य झांकी रही, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
अपने संबोधन में श्री अजय याग्निक ने श्री श्री बालाजी सेवा समिति द्वारा अब तक 650 से अधिक दिव्यांग एवं जरूरतमंद कन्याओं के विवाह कराने जैसे सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में भक्ति और सेवा एक-दूसरे के पूरक हैं और ऐसे कार्य समाज को नई दिशा देते हैं।
इस अवसर पर समिति की ओर से आगामी 7 से 13 अगस्त तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की घोषणा भी की गई। यह आयोजन द वाईस राय ग्रैंड, जनरल महादेव सिंह रोड, देहरादून में होगा, जिसमें पूज्य श्री पुण्डरीक गोस्वामी जी महाराज कथा का रसपान कराएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक श्रवण वर्मा, संस्थापक अखिलेश अग्रवाल, रुचि वर्मा, उर्मिला देवी, राजन संडियाल, दीपक गुप्ता, रमेश गोयल, संजय अग्रवाल, मनोज खंडेलवाल तथा रुद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि “भक्ति भी, सेवा भी—यही है बालाजी समिति की पहचान।”

Related Articles

Back to top button