Uncategorized

राज्यपाल गुरमीत सिंह से नीति आयोग सदस्य व दो विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने की शिष्टाचार भेंट

देहरादून, 9 जुलाई। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से गुरुवार को लोक भवन में नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास, वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार (पौड़ी गढ़वाल) के नवनियुक्त कुलपति डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट तथा श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन.के. जोशी ने अलग-अलग अवसरों पर शिष्टाचार भेंट की।

नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास ने राज्यपाल से मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) तथा आयुष क्षेत्र को सशक्त बनाने संबंधी सुझाव दिए। उन्होंने उत्तराखण्ड में स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा आपातकालीन एवं ट्रॉमा सेवाओं को और मजबूत करने पर बल दिया।

राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनकल्याण से जुड़े लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रभावी कार्य जारी रहेंगे। राज्यपाल ने यह भी कहा कि उत्तराखण्ड के विकास में नीति आयोग का हमेशा सकारात्मक सहयोग मिला है और भविष्य में भी राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप यह सहयोग मिलता रहेगा।

इसी क्रम में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार के नवनियुक्त कुलपति डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट ने भी राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वविद्यालय के माध्यम से बागवानी, वानिकी तथा पर्वतीय कृषि से जुड़े अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने की अपेक्षा व्यक्त की।

वहीं, श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एन.के. जोशी ने भी राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट कर विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

Related Articles

Back to top button