उत्तराखण्डपर्यावरण

भूमिगत जल रिचार्ज नीति तैयार करे SARRA, नदियों के पुनर्जीवीकरण के लिए बनेगी एसओपी : मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन

देहरादून,09 जुलाई। मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में स्प्रिंग एंड रिवर रेज्युविनेशन अथॉरिटी (SARRA) की उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने प्रदेश में भूमिगत जल संरक्षण और नदियों के पुनर्जीवीकरण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने SARRA को प्रदेश के लिए ग्राउंड वाटर रिचार्ज पॉलिसी तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि गैर-सरकारी संस्थानों एवं आवासीय सोसायटियों में वर्षा जल संरक्षण और भू-जल रिचार्ज को प्रभावी बनाने के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए, ताकि भू-जल स्तर में सुधार लाया जा सके।
उन्होंने जनपदों को पौराणिक एवं सांस्कृतिक महत्व के धारे-नौलों के संरक्षण, संवर्धन और जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य में नदियों के पुनर्जीवीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। इसके लिए जल्द ही एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाए। साथ ही ‘एक जनपद-एक नदी’ परियोजना के तहत प्राप्त प्रस्तावों पर शीघ्र कार्य शुरू करने और बड़े प्रोजेक्ट्स को विभिन्न विभागों के समन्वय (कन्वर्जेंस) से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में SARRA द्वारा विभिन्न जनपदों में 86 परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें उत्तरकाशी, नैनीताल और टिहरी जनपदों की 16 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, सचिव दिलीप जावलकर, रणवीर सिंह चौहान, सी. रविशंकर, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button