उत्तराखण्डराज्य

चारधाम परियोजना: पैकेज-2 व 3 की लंबित भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी करने के निर्देश

देहरादून,08 जुलाई। प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री रमेश कुमार सुधांशु की अध्यक्षता में सचिवालय में चारधाम परियोजना के पैकेज-2 एवं पैकेज-3 की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) द्वारा परियोजना से जुड़े भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण तथा अन्य लंबित मामलों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान भूमि अधिग्रहण मुआवजा वितरण, सक्षम प्राधिकारी (CALA) स्तर पर लंबित मुआवजा प्रकरणों, मध्यस्थता वादों, स्वामित्व विवादों तथा अन्य प्रासंगिक विषयों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम परियोजना के पैकेज-2 एवं पैकेज-3 के अंतर्गत लंबित भूमि अधिग्रहण की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करते हुए संबंधित भूमि का कब्जा कार्यदायी संस्था NHIDCL को अधिकतम एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अपेक्षित कार्रवाई पूरी नहीं की गई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव विनीत कुमार,श्रीमती कल्याणी, श्रीमती मीनाक्षी जोशी, अपर प्रमुख वन संरक्षक एवं नोडल अधिकारी (वन भूमि हस्तांतरण), अपर जिलाधिकारी चमोली तथा NHIDCL के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button