देहरादून में बनेगा बड़ा अंडरग्राउंड पार्किंग नेटवर्क, परेड ग्राउंड–गांधी पार्क को जोड़कर विकसित होगा ग्रीन ओपन स्पेस

देहरादून,08 जुलाई। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में परेड ग्राउंड और सचिवालय परिसर में प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में परेड ग्राउंड के नीचे प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग के डिज़ाइन पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग विकसित करने के साथ ही परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को आपस में जोड़ते हुए बिना किसी नए स्थायी निर्माण के एक विशाल ग्रीन ओपन स्पेस पार्क के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती पार्किंग जरूरतों को देखते हुए पार्किंग की क्षमता बढ़ाने के लिए डबल बेसमेंट का विकल्प भी अपनाया जा सकता है।
उन्होंने पार्किंग से अधिकतम संख्या में प्रवेश एवं निकास द्वार बनाए जाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा होगी और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को एकीकृत कर शहर को बड़ा सार्वजनिक हरित क्षेत्र उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए सभी संबंधित हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स) से व्यापक परामर्श भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजना को एक समग्र पैकेज के रूप में विकसित किया जा सके।
बैठक में सचिवालय परिसर के भीतर प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग के डिज़ाइन पर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया। मुख्य सचिव ने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पार्किंग क्षमता विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजपुर रोड पर एलिवेटेड पार्किंग की संभावना को लेकर भी विस्तृत डिज़ाइन तैयार कर प्रस्तुतीकरण देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



