उत्तराखण्डराज्य

दिशा बैठक में सांसद अजय भट्ट सख्त, योजनाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी; अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश

रुद्रपुर, 7 जुलाई 2026। सांसद अजय भट्ट ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
बैठक के दौरान सांसद ने ईएसआईसी चिकित्सालय में डॉक्टरों द्वारा मरीजों के प्रति लापरवाही की शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पताल का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक या उपकरण उपलब्ध नहीं हैं तो मरीजों को समय रहते रेफर किया जाए, लेकिन इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांसद ने रुद्रपुर और काशीपुर विद्युत डिवीजन के अधिशासी अभियंताओं द्वारा समिति की बैठक नहीं कराए जाने पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिलाधिकारी को स्पष्टीकरण लेने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों डिवीजनों में किए जा रहे कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने को कहा।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने पेयजल निगम और जल संस्थान को निर्देश दिए कि पाइपलाइन लीकेज की शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल मिल सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी लीकेज वाले क्षेत्रों की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया। सांसद ने पेयजल परियोजनाओं में देरी करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई तथा भुगतान रोकने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने बताया कि पेयजल संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 18001804100 जारी है।
बैठक में सांसद ने नैनीताल हाईवे पर डीडी चौक से परशुराम चौक के बीच फुटओवर ब्रिज तथा हल्द्वानी रोड स्थित टांडा रेंज रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। बाजपुर में लेवड़ा नदी पर निर्माणाधीन पुल को शीघ्र पूरा करने तथा किच्छा में प्रस्तावित विश्वविद्यालय भवन के लिए 38 एकड़ भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी भी दी गई।
निराश्रित गोवंश के लिए गौशालाओं की समीक्षा में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि खटीमा में गौशाला का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि रुद्रपुर में नगर निगम द्वारा गौशाला का निर्माण कराया जा रहा है। अन्य गौशालाओं के निर्माण के लिए डीपीआर शासन को भेजी गई है।
सांसद ने संजय वन सौंदर्यीकरण, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मेडिकल कॉलेज, किच्छा एम्स, जिला चिकित्सालय, अमृत योजना, अमृत सरोवर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, पीएम पोषण योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, समग्र शिक्षा अभियान, सांसद निधि, पीएम उज्ज्वला योजना-3.0, जनमन योजना, आकांक्षी जनपद एवं ब्लॉक तथा पंतनगर एयरपोर्ट सहित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों का संतुलित और सर्वांगीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी अधिकारियों को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा, आदेश सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button