उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

16 जुलाई को देहरादून में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, तैयारियों को अंतिम रूप

देहरादून,6 जुलाई 2026। श्री राम मंदिर, दीपलोक कॉलोनी एवं श्री श्री जगन्नाथ जी गुडींचा रथ यात्रा आयोजन समिति की ओर से आगामी 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा की तैयारियों को लेकर सोमवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने पर चर्चा की।
बैठक में शक्तिपुत्र पंडित सुभाष चंद शतपथी ने बताया कि देव स्नान पूर्णिमा के बाद भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा अस्वस्थ होने के कारण पिछले 15 दिनों से विश्राम पर हैं। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं आयुर्वेदिक उपचार किया जा रहा है। श्रद्धालु फिलहाल दर्शन से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को भगवान नवयौवन स्वरूप में भक्तों को दिव्य दर्शन देंगे तथा सायंकाल महाआरती का आयोजन होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि रथयात्रा से पूर्व 10, 11 और 12 जुलाई को प्रतिदिन सायं 4 से 6 बजे तक श्री राम मंदिर, दीपलोक कॉलोनी में पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ की कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन पंडित सुभाष चंद शतपथी करेंगे।
आयोजन समिति ने बताया कि भगवान की यात्रा के लिए नंदी घोष रथ पूरी तरह तैयार हो चुका है। रथ को हजारों श्रद्धालु “हरि बोल” के संकीर्तन के साथ दिव्य रस्सी से खींचेंगे। यात्रा श्री राम मंदिर, दीपलोक कॉलोनी से प्रारंभ होकर किशन नगर चौक स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर (मौसी मंदिर), कनॉट प्लेस, चकराता रोड, घंटाघर, पलटन बाजार, धामावाला, रामलीला बाजार, भंडारी चौक, तिलक रोड एवं बिंदाल होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी, जहां भगवान की आरती एवं महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
समिति ने बताया कि इस वर्ष भी भगवान के सारथी के रूप में दिल्ली के मनीष अरोड़ा रथ संचालन करेंगे। श्रद्धालुओं के लिए उड़ीसा की परंपरा के अनुसार विशेष ‘रहणी प्रसाद’ तैयार किया गया है, जिसका वितरण रथयात्रा के दौरान किया जाएगा।
बैठक में श्री श्री जगन्नाथ जी युवा सेना घंट मंडल, श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सेवादल, भगवान श्री कालिका मंदिर समिति, मां शाकुंभरी देवी सेवा समिति, श्री महाकाल सेवा समिति, श्री बाबा बालकनाथ सेवा समिति, श्री खाटू श्याम सेवा मंडल, श्री श्याम प्रेमी परिवार, दून सिख वेलफेयर सोसाइटी, दून वैली व्यापार मंडल, ब्राह्मण महासभा, उड़िया समाज तथा श्री आदर्श मंदिर पटेल नगर सहित अनेक धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सचिव सुनील शर्मा, उत्सव मंत्री जे.एस. चुग, प्रचार मंत्री सुशील बग्गा, कोषाध्यक्ष सुनील गोयल, आर.के. गुप्ता, अनुराग गुप्ता, संजय कुमार गर्ग, बालेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभा की अध्यक्षता लालचंद शर्मा ने की।

Related Articles

Back to top button