उत्तराखण्डशासन

वन भूमि हस्तांतरण के लंबित मामलों की होगी साप्ताहिक समीक्षा, विकास परियोजनाओं में लाई जाएगी तेजी: डीएम आशीष भटगांई

पिथौरागढ़,30 जून। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, बीआरओ, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में विभागवार वन भूमि हस्तांतरण, प्रतिपूरक वनीकरण (सीए लैंड) तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं से जुड़े लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को लंबित प्रकरणों की प्रगति, प्रक्रियागत चुनौतियों तथा उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने निर्देश दिए कि जनहित और विकास कार्यों से जुड़े सभी लंबित वन भूमि हस्तांतरण मामलों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय मजबूत करते हुए सभी आवश्यक अभिलेख और औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं, ताकि प्रस्तावों के अनुमोदन में अनावश्यक विलंब न हो।
डीएम ने अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह को निर्देशित किया कि वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित सभी लंबित मामलों की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि नियमित समीक्षा से विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य आधारभूत विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
प्रतिपूरक वनीकरण (सीए लैंड) से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सीए लैंड की उपलब्धता, भूमि चयन, राजस्व अभिलेखों के अद्यतन, सीमांकन एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही वन विभाग, राजस्व विभाग और कार्यदायी संस्थाओं के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा, उपप्रभागीय वनाधिकारी राज कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य सभी उपजिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

Related Articles

Back to top button