उत्तराखण्ड माध्यमिक शिक्षणेतर एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष बने बी.डी. सेमवाल, निर्विरोध निर्वाचन

देहरादून 27 जून ।
उत्तराखण्ड माध्यमिक शिक्षणेतर एसोसिएशन की प्रांतीय कार्यकारिणी का चुनाव शनिवार को सेंट एग्नेस इंटर कॉलेज (भोर का तारा), नैशविला रोड, देहरादून में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी मनोरथ पांडेय तथा चुनाव पर्यवेक्षक जगमोहन चावला की देखरेख में आयोजित चुनाव में प्रांतीय अध्यक्ष पद पर बी.डी. सेमवाल, महामंत्री पद पर पुष्कर राज बहुगुणा तथा कोषाध्यक्ष पद पर दिनेश प्रसाद गैरोला को सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
इसके साथ ही जनपद देहरादून की कार्यकारिणी का भी निर्वाचन संपन्न कराया गया, जिसमें प्रदीप उनियाल को जिलाध्यक्ष, आरती नौटियाल को जिला मंत्री तथा जगमोहन सिंह चावला को कोषाध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष बी.डी. सेमवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति, कार्मिकों के हितों की रक्षा तथा उनके विकास के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन की एकता, गरिमा और मजबूती को प्राथमिकता बताते हुए इसे और अधिक सक्रिय एवं जनोन्मुखी बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
सेमवाल ने कहा कि अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के कार्मिकों को अब तक अवकाश नगदीकरण की सुविधा नहीं मिल पाई है, जबकि राज्य सरकार द्वारा अन्य कई लाभ राजकीय कर्मचारियों की भांति प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने इस लंबित मांग के समाधान के लिए शीघ्र ही सरकार एवं विभाग को ज्ञापन सौंपने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष बी.एस. पंवार, महामंत्री संजय कुमार गर्ग तथा कुमाऊं मंडल अध्यक्ष मनोरथ पांडेय को संगठन हित में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
चुनाव अधिकारी एवं पर्यवेक्षक ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बताते हुए सभी सदस्यों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। संगठन के वरिष्ठ सदस्यों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
इस अवसर पर अल्मोड़ा, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग तथा देहरादून सहित विभिन्न जनपदों से आए कार्मिकों ने निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी की। कार्यक्रम में चमोली के जिलाध्यक्ष दिनेश पंवार, टिहरी के जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र सेमवाल, रुद्रप्रयाग के जिलाध्यक्ष अनुराग जगवाण, नैनीताल अध्यक्ष नारायण दत्त पांडेय, कुमाऊं मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश ध्यानी, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष विजयनंद डोंगरियाल समेत अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सेंट एग्नेस इंटर कॉलेज (भोर का तारा) के प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं विद्यालय परिवार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया।



