उत्तराखण्डविशेष समाचार

संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने रखी विकास और विरासत की रूपरेखा

अभिनेता राकेश बेदी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से किया सम्मानित

देहरादून, 24 जून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने बुधवार को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभिनेता Rakesh Bedi को अमर उजाला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया तथा अमर उजाला उत्तराखंड अचीवर्स विशेषांक का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में राज्य सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में ग्रॉस एनवायरमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) के आकलन की व्यवस्था शुरू की गई है तथा राज्य सरकार इकोलॉजी, इकोनॉमी और टेक्नोलॉजी के समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास की योजना बनाई जा रही है।
चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल यात्रा नहीं बल्कि आस्था और श्रद्धा का महापर्व है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में भव्य पुनर्निर्माण कार्य किए जा रहे हैं तथा ऑल वेदर रोड परियोजना से यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि सीमांत क्षेत्र आदि कैलाश में पहले जहां 400 से 500 श्रद्धालु पहुंचते थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 45 हजार तक पहुंच गई है। साथ ही शीतकालीन यात्रा को भी व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का मूल स्वरूप बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य की आस्था और सांस्कृतिक पहचान से किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई राजस्व अभिलेखों के आधार पर की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) एक भारत-श्रेष्ठ भारत की अवधारणा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में किए गए वादे के अनुरूप राज्य सरकार ने उत्तराखंड में यूसीसी लागू कर अपने संकल्प को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि अब अन्य राज्यों में भी यूसीसी लागू करने की दिशा में पहल हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिससे युवाओं का विश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और होमस्टे योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उत्तराखंड उनके हृदय में बसता है। इसी कारण राज्य को विकास की अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री Ganesh Joshi, Rekha Arya, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, अमर उजाला के प्रबंध निदेशक तन्मय माहेश्वरी, प्रेसिडेंट वरुण माहेश्वरी, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, प्रधान संपादक डॉ. इंदुशेखर पंचोली, स्थानीय संपादक अनूप वाजपेयी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button