उत्तराखण्डराजनीति

पीआईबी देहरादून की ‘वार्ता’ कार्यशाला में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा

ऋषिकेश,16 जून। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा मंगलवार को ऋषिकेश स्थित रेल विकास निगम सभागार में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ “लोक सेवा ही संकल्प- 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” विषय पर केंद्रित पांच पुस्तिकाओं के अनावरण के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋषिकेश के मेयर शम्भू पासवान रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शम्भू पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ प्रदेश के सुगम और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसे विकास कार्य उत्तराखंड के लिए मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।
रेल विकास निगम के डीजीएम ओमप्रकाश मालगुडी ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत 16 सुरंगों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे आबादी तथा पर्यावरण को न्यूनतम प्रभावित करते हुए विकसित किया जा रहा है। परियोजना से प्रभावित गांवों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता भी प्रदान की गई है।
रेल विकास निगम के मुख्य भू-वैज्ञानिक विजय डंगवाल ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक विविधताओं को ध्यान में रखते हुए रेल परियोजना का एलाइनमेंट तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए डिजिटल मैपिंग का उपयोग किया गया है तथा सुरंगों से निकलने वाले पानी को अमृत सरोवर परियोजना के माध्यम से जल संरक्षण के लिए उपयोग में लाया जाएगा।
उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ऋषिकेश के एचओडी (बिजनेस) रोहित बडोला ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से आमजन को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्ट्रीट वेंडरों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को ऋण उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनने में सहायता दी जा रही है। साथ ही डिजिटल बैंकिंग के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को वित्तीय सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।
पीआईबी देहरादून के मीडिया एवं संचार अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया कर्मियों और दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत संवाददाताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि सरकार की योजनाओं और नीतियों की सटीक एवं प्रामाणिक जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा अनुभवी पत्रकारों ने भी भाग लिया और विकासात्मक पत्रकारिता की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

Related Articles

Back to top button