हेमकुंड साहिब यात्रा में श्रद्धालु बनाए रखें अनुशासन और सौहार्द : सेवा सिंह
गोविंदघाट 16 जून
। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, गोविंदघाट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने पवित्र श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से आपसी सद्भाव, अनुशासन और शांति बनाए रखने की अपील की है।
ट्रस्ट की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि 23 मई से प्रारंभ हुई श्री हेमकुंड साहिब यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे यात्रा के महत्व और उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पूरी श्रद्धा, मर्यादा और अनुशासन के साथ यात्रा करें तथा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे धार्मिक भावनाओं या मर्यादाओं को ठेस पहुंचे।
सेवा सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से बचना चाहिए तथा कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व धर्म और मानवता की रक्षा के लिए है, न कि उनके दुरुपयोग के लिए। इसलिए श्रद्धालु यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ न लाएं। विशेष रूप से छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ रखने से बचाया जाए।
ट्रस्ट की ओर से जारी संदेश में उत्तराखंड को एक शांतिप्रिय राज्य बताते हुए कहा गया कि देवभूमि के रूप में विख्यात इस प्रदेश में श्री बद्रीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम, मां गंगोत्री, मां यमुनोत्री सहित अनेक पवित्र तीर्थस्थल स्थित हैं। इन्हीं पावन धामों में श्री हेमकुंड साहिब का भी विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है।
उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सरकार तथा प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। ऐसे में सभी श्रद्धालु यात्रा को पूरी आस्था, श्रद्धा और अनुशासन के साथ संपन्न करें। किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
सेवा सिंह ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा की गरिमा बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन करने का आग्रह किया।

