उत्तराखण्डजनसुनवाई

तहसील दिवस में पहुंचीं 115 शिकायतें, 47 का मौके पर निस्तारण; डीएम नितिन भदौरिया ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

किच्छा, 02 जून 2026। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को नगर पालिका परिषद सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसमस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें तथा तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करें।
तहसील दिवस में समाज कल्याण, विद्युत, पेयजल, भूमि, सीसी मार्ग, सड़क, सिंचाई गूल, राजस्व, पुलिस, नगर पालिका, गैस आदि विभागों से संबंधित कुल 115 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 47 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
सिरौलीकला निवासी मोहम्मद ताहिर ने कृषि भूमि के शामिल खाते के बंटवारे का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आदर्श नगर बंडिया निवासी सुरेश प्रसाद चौहान ने मंदिर चौराहे से कॉलोनी चौराहे तक लगभग 20 मीटर सड़क निर्माण की मांग रखी, वहीं कमलानगर चुटकी देवरिया के निवासियों ने 50 फीट कच्चे रास्ते को पक्का करने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इंदरपुर निवासी रामचीज ने ग्राम प्रतापपुर स्थित अपनी कृषि भूमि को कब्जामुक्त कराकर कब्जा दिलाने की मांग की, जिस पर उप जिलाधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम आनंदपुर के ग्रामीणों ने नाले की सफाई की मांग रखी, जिस पर अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग को निरीक्षण कर सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए गए।
निर्वतमान सभासद लियाकत अली ने वार्ड संख्या-3 किशनपुर सिसई में खुले विद्युत तारों के स्थान पर इंसुलेटेड लाइन बिछाने, सिसई बंडिया में पाहा नहर की सफाई तथा नहर की कवरिंग कराने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को आवश्यक कार्रवाई करने तथा संबंधित अधिकारियों को नहर की सफाई और कवरिंग के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
पंत कॉलोनी निवासी चंद्रकला ने नगर पालिका द्वारा स्थापित समर्सिबल पंप से कनेक्शन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में विधायक तिलक राज बेहड़, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, उप जिलाधिकारी गौरव पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

Related Articles

Back to top button