नरेंद्रनगर नगर पालिका चुनाव: नामांकन प्रक्रिया जारी, एडीएम ने लिया तैयारियों का जायजा

टिहरी गढ़वाल,27 मई 2026। नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बुधवार को नरेंद्रनगर पहुंचकर निर्वाचन तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि अध्यक्ष पद के लिए अब तक 4 नामांकन पत्र तथा सदस्य पद के लिए 16 नामांकन पत्रों की बिक्री की जा चुकी है। नामांकन प्रक्रिया के संचालन हेतु तहसील नरेंद्रनगर को रिटर्निंग ऑफिसर का मुख्य कार्यालय बनाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि नामांकन पत्र प्राप्त करने एवं जमा करने की अंतिम तिथि 29 मई 2026 को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। एडीएम ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, रिटर्निंग अधिकारी (अध्यक्ष) एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा, सहायक आरओ सोमांश गुप्ता, रिटर्निंग अधिकारी (सदस्य) कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी सचिन कुमार, सहायक आरओ कृतिका कुलश्री, तहसीलदार अयोध्या उनियाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



