बड़े मंगलवार पर श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में हुआ भव्य सुंदरकांड पाठ

देहरादून,26 मई 2026। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवारों की श्रृंखला के अंतर्गत आज श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, देहरादून में सामूहिक श्री सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभाग कर धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान रिंकू गुलाटी जागरण मंडली द्वारा एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए गए तथा श्रद्धा भाव के साथ श्री सुंदरकांड का पाठ किया गया। पंचमुखी सिंदुरिया हनुमान जी के सम्मुख आयोजित इस पाठ में श्रद्धालु देर शाम तक भक्ति रस में सराबोर रहे।
दिगंबर दिनेश पुरी जी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज के यजमान श्री एवं श्रीमती उषा अग्रवाल रहे। सांयकाल में सर्वप्रथम मंदिर में विराजमान सिंदुरिया हनुमान जी का माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात निशा महिला भजन मंडली द्वारा सामूहिक रूप से श्री सुंदरकांड पाठ किया गया। कार्यक्रम में भगवान भोलेनाथ एवं लड्डू गोपाल के भजनों की भी सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं।
अंत में आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को मिष्ठान एवं फल प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन आगामी आठों बड़े मंगलवारों तक निरंतर आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी, उषा अग्रवाल, गार्गी धुनता, नवीन गुप्ता, रोहित अग्रवाल, सुनील गोयल, प्रीति गुप्ता, संजय कुमार गर्ग, रीना सिंघल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।


