डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट कार्यालयों और आपदा परिचालन केंद्र का किया औचक निरीक्षण
जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण, स्वच्छ कार्यालय व्यवस्था एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के दिए निर्देश

देहरादून,
26 मई 2026। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों, रिकॉर्ड रूम एवं आपदा परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई, कार्मिकों की कार्यप्रणाली तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अपनी समस्याओं के समाधान हेतु कार्यालयों में आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी को त्वरित राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न शाखाओं में पत्रावलियों एवं अभिलेखों के रखरखाव का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त फाइलों एवं दस्तावेजों को सुव्यवस्थित ढंग से संरक्षित किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभिलेख तत्काल उपलब्ध हो सकें। साथ ही लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा अनावश्यक विलंब से बचने के निर्देश भी दिए।
रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखों के डिजिटलीकरण, सुरक्षित संरक्षण एवं श्रेणीवार व्यवस्थित रखरखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड रूम में सभी अभिलेख सुव्यवस्थित रहें ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यालयों की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यालय बेहतर कार्यसंस्कृति के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा कार्यालय परिसरों को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्मिकों से कहा कि जनसेवा प्रशासन का मूल उद्देश्य है और प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही एवं प्रतिबद्धता के साथ करें।
जिलाधिकारी ने आपदा परिचालन केंद्र का भी गहन निरीक्षण किया तथा जनपद में आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों, भूस्खलन एवं अतिवृष्टि प्रभावित स्थानों तथा दुर्गम गांवों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों की अद्यतन सूची तैयार रखी जाए तथा वहां उपलब्ध संचार व्यवस्था, संपर्क साधनों, वैकल्पिक मार्गों एवं राहत व्यवस्थाओं का नियमित परीक्षण किया जाए।
उन्होंने कहा कि मानसून एवं संभावित आपदाओं को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण सतर्कता एवं तत्परता बनाए रखें। आपदा परिचालन केंद्र में तैनात कार्मिकों को भी सूचनाओं के त्वरित संकलन एवं आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि राहत एवं बचाव कार्य समयबद्ध ढंग से संचालित किए जा सकें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


