Uncategorized

रीवा सड़क हादसे की निष्पक्ष जांच और जैन साधु-साध्वियों की सुरक्षा को लेकर जैन समाज ने प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

देहरादून 26 मई । भारतीय जैन मिलन क्षेत्र संख्या 14 के तत्वावधान में मंगलवार को जैन समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम स्मिता परमार के माध्यम से प्रधानमंत्री Narendra Modi को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में रीवा (मध्य प्रदेश) में हुई हृदयविदारक सड़क दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा देशभर में जैन साधु-साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु कड़े प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की गई।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अतिवीर नरेश चंद जैन एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष अतिवीर डॉ. संजय जैन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि मध्य प्रदेश के Rewa में जैन साध्वियों के विहार के दौरान सुरक्षा में हुई चूक के कारण भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो जैन आर्यिका श्री श्रुतमती माताजी एवं उपशममती माताजी का असामयिक निधन हो गया। ज्ञापन के अनुसार तेज रफ्तार कार ने साध्वियों को टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस घटना से संपूर्ण जैन समाज में गहरा शोक एवं आक्रोश व्याप्त है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि जैन साधु-संत पूर्णतः अपरिग्रही होते हैं और आजीवन देशभर में पैदल पद विहार करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को अत्यंत संवेदनशील विषय मानते हुए पूरे देश में विहाररत जैन साधु-साध्वियों के लिए तत्काल प्रभाव से सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। साथ ही रीवा हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई।
इस अवसर पर संदीप जैन मंत्री जैन भवन, अंकुर जैन अध्यक्ष जैन मिलन पारस, मनोहर लाल जैन मंत्री श्री मनोहर लाल जैन औषधालय, मनीष जैन, प्रदीप जैन, सुरेश चंद जैन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, मधु जैन, राजीव जैन मंत्री जैन मिलन शिवालिक, संजीव जैन राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री, अजीत जैन, प्रतीक जैन क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, पंकज जैन मंत्री जैन मिलन, सुनील जैन, अशोक जैन, प्रीति जैन, अमित जैन मुख्य संयोजक चातुर्मास समिति, दीप शिखा जैन, अलका जैन, शेफाली जैन, प्रवीण जैन उपाध्यक्ष जैन भवन, अनिल जैन एवं अजय जैन अध्यक्ष जैन मिलन माजरा सहित जैन समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button