अतिक्रमणउत्तराखण्ड

बिना नक्शा स्वीकृति बनाए जा रहे व्यावसायिक निर्माणों पर एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, कई निर्माण सील

देहरादून 23 मई । राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए हरभजवाला और शिमला बाईपास क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जा रहे व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। कार्रवाई के जरिए प्राधिकरण ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियमों के उल्लंघन पर किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।
एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने हरभजवाला क्षेत्र में अशरफ अली द्वारा निर्मित की जा रही लगभग छह दुकानों को सील किया। जांच में सामने आया कि निर्माण कार्य बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के कराया जा रहा था।
वहीं, शिमला बाईपास रोड स्थित तेलपुर चौक के निकट आभास कुबेर चांद द्वारा व्यावसायिक उपयोग के लिए बनाए जा रहे करीब नौ कमरों के निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार दोनों निर्माणकर्ताओं को पहले नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने और नियमों की अनदेखी जारी रहने पर कार्रवाई अमल में लाई गई।
एमडीडीए ने बताया कि संबंधित निर्माणकर्ताओं के खिलाफ पहले चालानी कार्रवाई भी की गई थी तथा उन्हें कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसके बाद संयुक्त सचिव गौरव चटवाल ने नियमानुसार सीलिंग के आदेश जारी किए।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता विजय सिंह रावत, अवर अभियंता मुनेष राणा सहित प्राधिकरण की टीम मौजूद रही और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य बिना स्वीकृति के नहीं किया जा सकता। लोगों को समय-समय पर नोटिस और जागरूकता अभियानों के माध्यम से नियमों की जानकारी दी जाती है, लेकिन इसके बावजूद अवैध निर्माण जारी रखने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button