आदि कैलाश–ॐ पर्वत यात्रा मार्ग पर परिवहन विभाग का सघन प्रवर्तन अभियान
बिना फिटनेस एवं वैध अभिलेखों के संचालित वाहन सीज, 32 वाहनों पर कार्रवाई

पिथौरागढ़,17 मई 2026 । आदि कैलाश–ॐ पर्वत यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु परिवहन विभाग पिथौरागढ़ द्वारा रविवार को धारचूला–गूंजी यात्रा मार्ग पर व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया गया। एआरटीओ प्रवर्तन पिथौरागढ़ शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में प्रवर्तन दल प्रातःकाल से ही विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहा तथा यात्रा मार्ग से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 80 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिनमें 12 प्राइवेट वाहनों की भी जांच शामिल रही। जांच के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर 32 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई, जबकि 6 वाहनों के आरसी एवं परमिट जब्त किए गए।
चेकिंग के दौरान 3 ऐसे वाहन पाए गए जिनके फिटनेस प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेख समाप्त हो चुके थे, बावजूद इसके वे गुजरात एवं कोलकाता से आए यात्रियों को लेकर आदि कैलाश–ॐ पर्वत यात्रा पर जा रहे थे। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रवर्तन टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को कब्जे में लिया गया।
परिवहन विभाग द्वारा तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए तत्काल वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था करवाई गई, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे सुरक्षित रूप से अपनी यात्रा जारी रख सकें। विभाग की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की यात्रियों द्वारा सराहना की गई तथा उन्होंने परिवहन विभाग का आभार व्यक्त किया।
2 वाहन बिना हिल एंडोर्सड ड्राइविंग लाइसेंस के चल रहे थे जिन्हें वापस लौटाया गया और 12 प्राइवेट वाहनों की जांच की गई जिसमें किसी भी प्राइवेट वाहन का व्यावसायिक प्रयोग होता नहीं पाया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन श्री शिवांश कांडपाल ने बताया कि अभियान के दौरान हिल एंडोर्स्ड ड्राइविंग लाइसेंस न होना, फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त होना, परमिट, टैक्स एवं बीमा दस्तावेज वैध न पाए जाने जैसी अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रा सीजन के दौरान बिना वैध अभिलेखों के किसी भी वाहन को यात्रियों के साथ संचालित नहीं होने दिया जाएगा तथा ऐसे वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया जाएगा।
उन्होंने स्थानीय यूनियन पदाधिकारियों एवं वाहन संचालकों के साथ वार्ता करते हुए निर्देशित किया कि बिना वैध दस्तावेजों के कोई भी वाहन यात्रियों को लेकर यात्रा मार्ग पर संचालित न किया जाए। साथ ही विभाग के संज्ञान में यह भी आया है कि यात्रियों से अग्रिम बुकिंग आवश्यकता से अधिक मात्रा में ली जा रही है, जबकि उपलब्ध वाहनों की संख्या सीमित है। इस संबंध में टूर ऑपरेटर्स को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपनी वास्तविक क्षमता के अनुरूप ही बुकिंग सुनिश्चित करें, जिससे यात्रियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
श्री कांडपाल ने कहा कि इस वर्ष आदि कैलाश–ॐ पर्वत यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं तथा यात्रियों की सुरक्षा परिवहन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यात्रा अवधि के दौरान इस प्रकार के सघन प्रवर्तन एवं जांच अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
अभियान के दौरान परिवहन आरक्षी सीमा, मीना, बलदेव एवं महेंद्र भी उपस्थित रहे।


