उत्तराखण्डविशेष समाचार

एमडीडीए ने शुरू की ‘तेल बचाओ मुहिम’, कार पूलिंग और साइकिल उपयोग पर जोर

देहरादून, 14 मई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत के आह्वान के बाद उत्तराखंड में सरकारी विभागों ने भी सक्रिय पहल शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने “तेल बचाओ मुहिम” की शुरुआत की है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार पूलिंग अपनाने, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने तथा कार्यालय के आसपास रहने वाले कर्मचारियों को साइकिल या पैदल कार्यालय आने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार द्वारा ऊर्जा संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री और मंत्रियों के वाहन फ्लीट में वाहनों की संख्या कम करने, सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” लागू करने तथा आवश्यकता पड़ने पर “वर्क फ्रॉम होम” व्यवस्था अपनाने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। इसके साथ ही सरकारी एवं निजी भवनों में एसी के सीमित उपयोग और अनावश्यक बिजली खपत रोकने पर भी जोर दिया गया है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि कार्यालयीय कार्यों में वाहनों के उपयोग को कम करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि एमडीडीए मुख्यालय में सेंट्रलाइज्ड एसी और अन्य एयर कंडीशनर के सीमित उपयोग के साथ-साथ कम उपयोग में आने वाली लाइटें, कंप्यूटर और अन्य विद्युत उपकरण बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सरकारी खर्चों में कमी लाने में भी मदद मिलेगी। देहरादून में बढ़ते ट्रैफिक और प्रदूषण को देखते हुए कार पूलिंग और साइकिल उपयोग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
एमडीडीए ने ऊर्जा संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से साझा वाहन, साइकिल और पैदल चलने जैसी आदतों को अपनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button