उत्तराखण्डराजनीति

जिला पंचायत की सामान्य बैठक में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करें अधिकारी : अजय मौर्य

रूद्रपुर,11 मई 2026 । जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अजय मौर्य ने कहा कि जनता अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों के पास आती है और जनप्रतिनिधि उन समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को अवगत कराते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के साथ मौके पर निरीक्षण एवं जांच कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक की शुरुआत अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत द्वारा पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि एवं बजट संबंधी जानकारी प्रस्तुत करने से हुई। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला पंचायत के आय पक्ष में 1 अरब 3 करोड़ 7 लाख 8 हजार 139 रुपये तथा व्यय पक्ष में 1 अरब 2 करोड़ 15 लाख 58 हजार 139 रुपये का प्रावधान रखा गया है।
बैठक में सदस्य भाष्कर सम्मल ने जिला पंचायत सदस्यों को मिलने वाले बैठक भत्ते में वृद्धि तथा विधायकों की तरह जिला पंचायत सदस्यों को भी निधि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव शासन को भेजे जाने की मांग उठाई।
चर्चा के दौरान सदस्य चरनजीत सिंह, सूरज नारायण, भाष्कर सम्मल, नईम अहमद एवं रीता कफल्टिया सहित अन्य सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विद्युत, शिक्षा, जलापूर्ति, सिंचाई एवं चिकित्सा संबंधी समस्याओं को सदन के समक्ष रखा।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने कहा कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्थानीय स्तर पर भ्रमण कर समस्याओं के समाधान की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक के अंत में अध्यक्ष अजय मौर्य ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्त की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य हीरा देवी, रीता कफल्टिया, संगीता राणा, अनिमा सिंह, मधु राणा, आशा देवी, सूरज नारायण, सदफ मलिक, गुरदास कालड़ा, प्रेम प्रकाश, रेनु गंगवार, भावना कोरंगा, सुषमा हलदार, नईम अहमद, कामिनी सिंह, चरनजीत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button