विवेक अग्रवाल पुनः बने जनरल मर्चेंट्स एसोसिएशन के प्रधान

देहरादून 11 मई । जनरल मर्चेंट्स एसोसिएशन की आम सभा रविवार देर रात जैन धर्मशाला, गांधी रोड में आयोजित की गई, जिसमें नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी सुधीर जैन एवं राजकुमार अरोड़ा की देखरेख में सम्पन्न हुई।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में विवेक अग्रवाल को पुनः प्रधान चुना गया। इसके अलावा सुधीर अग्रवाल उप प्रधान, राजकुमार गोयल महामंत्री, अजय गर्ग कोषाध्यक्ष, धन प्रकाश गोयल मंत्री तथा प्रदीप नागलिया सह-कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।
सभा में संरक्षक के रूप में सुधीर कुमार जैन को चुना गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों में मोहनलाल विरमानी, ज्ञान प्रकाश, श्याम अरोड़ा, राजेंद्र वाधवा, मोहित मित्तल, आयुष जैन, हरिओम महावर, दीपक तायल, सौरव भटनागर एवं सुरेंद्र गोयल को शामिल किया गया। विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में राजकुमार अरोड़ा को भी कार्यकारिणी में स्थान दिया गया। संस्था ने बताया कि आगामी बैठक में कुछ अन्य सदस्यों को भी कार्यकारिणी में शामिल किए जाने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
सभा के दौरान संस्था के 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों एवं संस्था के स्तंभों को सम्मानित किया गया। ध्वनि संस्था के शिखर कुच्छल ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित सदस्यों को भावविभोर कर दिया।
नवनिर्वाचित प्रधान विवेक अग्रवाल ने कहा कि इस वर्ष एसोसिएशन अपने सदस्यों के लिए निशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित करेगी। साथ ही पांच दिवसीय योग शिविर का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप से संबंधित योगासन सदस्यों और उनके परिवारों को सिखाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सदस्यों की मांग पर इस वर्ष संस्था सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन हेतु सदस्यों एवं उनके परिवारों की यात्रा आयोजित कराने का प्रयास करेगी। इसके अलावा 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सभा में गत वर्ष दिवंगत हुए संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में कुल 127 सदस्यों की उपस्थिति रही। अंत में प्रधान विवेक अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भोजन के लिए आमंत्रित किया।



