मातृ दिवस समारोह में माताओं ने दिखाया उत्साह

झिंझाना,शामली। क्षेत्र के सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल पिंडोरा में मातृ दिवस का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ उनकी माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख रामपाल सिंह, ग्राम प्रधान चैन पाल सिंह तथा स्वामी कल्याण देव महाविद्यालय के प्रबंधक विजय कुमार तोमर ने सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामपाल सिंह ने की।
विद्यालय परिसर दोपहर से ही माताओं और बच्चों की उपस्थिति से गुलजार रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नन्हे बच्चों ने सरस्वती वंदना व विभिन्न गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। खुशी, अनन्या, वान्या, माही, स्नेहा, गर्वित और लवी समेत अन्य बच्चों की प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली। वहीं शिवानी की हिंदी स्पीच और अविका की अंग्रेजी स्पीच ने दर्शकों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में मां को समर्पित गीतों और पंजाबी भंगड़ा पर प्रस्तुत डांस ने खूब तालियां बटोरीं। माताओं के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताएं कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली माताओं ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा दिखाई। विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों को उनकी माताओं के साथ सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधक देवेंद्र कुमार तोमर ने सभी को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान हर जगह नहीं पहुंच सकते, इसलिए उन्होंने मां को बनाया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ और छात्राओं का विशेष सहयोग रहा।
रिपोर्ट : झिंझाना से मौ० हारुन सैफी के साथ सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।

