पद्मश्री कुमार सानू को मिला “श्रृंखला श्री उत्तराखंड रत्न” सम्मान
सुरों से सजी संगीतमय शाम में झूम उठा देहरादून, कलाकारों ने दी यादगार प्रस्तुतियां

देहरादून,10 मई 2026। श्रृंखला म्यूजिकल ग्रुप, देहरादून द्वारा आयोजित भव्य संगीतमय समारोह में प्रसिद्ध पार्श्व गायक कुमार सानू को “श्रृंखला श्री उत्तराखंड रत्न” सम्मान से सम्मानित किया गया। ग्राफिक एरा के खचाखच भरे कन्वेंशन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यक्रम की थीम “एक आवाज — हजार एहसास, एक शाम सुरों के नाम” रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों एवं संस्था के संस्थापक अध्यक्ष पीयूष निगम द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। सर्वप्रथम विदिशा अग्रवाल ने सरस्वती वंदना पर भरतनाट्यम नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि संध्या जोशी, विभा दुम्का, अद्विता एवं शर्मिष्ठा मुखर्जी ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भव्य शुरुआत दी। इस अवसर पर स्वर कोकिला आशा भोंसले को उनके अमर गीतों के माध्यम से भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही कुमार सानू जी का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। संस्था के अध्यक्ष पीयूष निगम ने “मेरा चांद मुझे आया है नजर” गीत प्रस्तुत कर उनका संगीतमय अभिनंदन किया, जिस पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
उत्तराखंड एवं दिल्ली से आए कलाकारों ने कुमार सानू जी के लोकप्रिय गीतों “चुरा के दिल मेरा”, “घूंघट की आड़ में”, “दिल है कि मानता नहीं”, “तुझे देखा तो ये जाना सनम”, “मेरा दिल भी कितना पागल है” तथा “जब कोई बात बिगड़ जाए” सहित अनेक गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। उत्तर भारत के प्रसिद्ध लाइव बैंड “सरगम स्टार ग्रुप, दिल्ली” की मधुर धुनों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। संगीत प्रेमी देर रात तक सुरों की इस महफिल का आनंद लेते रहे।
कार्यक्रम में कलाकार पीयूष निगम, रितु आनंद श्रीवास्तव, आशीष नेपाली, मनीषा आले, संजीव वर्मा, ज्योति झा, अमित रावत, प्रीति रावत, बिट्टू कोचर, संदीप अग्रवाल, सुनीता क्षेत्री, सरोज पोखरियाल, दीपक महावर, दीपक सिंघल, बिट्टू भैया (दिल्ली), नीरज ढिगरा, गीत (दिल्ली), व्योमकेश एवं पीयूष श्रीवास्तव सहित अनेक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा।
मुख्य अतिथि हरीश रावत ने कुमार सानू जी को संगीत जगत में उनके अतुलनीय योगदान के लिए “श्रृंखला श्री उत्तराखंड रत्न” सम्मान प्रदान किया। इसके साथ ही वरिष्ठ पत्रकार रेखा खान एवं डॉ. इंद्रजीत सिंह को शिक्षा, साहित्य एवं सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु “श्रृंखला श्री” सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कमल घनशाला, डॉ. हरिओम चौधरी, बंशीधर तिवारी, सविता कपूर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन का संचालन पीयूष श्रीवास्तव एवं रजनीश के. शर्मा द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन एंकर राकेश काला, प्राची और नंदनी ने किया। यह भव्य आयोजन देहरादून के सांस्कृतिक परिदृश्य में लंबे समय तक याद किया जाएगा।


