अशासकीय विद्यालयों की समस्याओं पर गरजा प्रबंधक एसोसिएशन
मांग पत्र सौंपकर दी आंदोलन की चेतावनी, मंत्रियों ने समाधान का दिया भरोसा

रुड़की,10 मई। मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा की मौजूदगी में बीएसएम इंटर कॉलेज, रुड़की में आयोजित अशासकीय विद्यालय प्रबंधक एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रथम प्रांतीय अधिवेशन में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ। अधिवेशन में अशासकीय विद्यालयों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।
मुख्य अतिथि मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में अशासकीय विद्यालयों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम और छात्र संख्या इस बात के प्रमाण हैं कि इन विद्यालयों ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के साथ वार्ता कराई जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने अशासकीय विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के बीच की खाई को समाप्त करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने ज्ञापन में उल्लिखित मांगों के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।
अधिवेशन का शुभारंभ मंत्रियों एवं संगठन पदाधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा पूर्व राज्य मंत्री एवं बीएसएम शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष रहे पंडित मनोहर लाल शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
प्रांतीय संरक्षक चंद्र मोहन सिंह पयाल ने संगठन की ओर से मांग पत्र का वाचन करते हुए मंत्रियों को ज्ञापन सौंपा। मांग पत्र में भर्तियों के लिए प्रस्तावित चयन बोर्ड गठन समाप्त करने, प्रबंध समितियों का कार्यकाल तीन वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष करने, 90 दिनों से अधिक रिक्त पदों को पुनर्जीवित करने संबंधी आदेश निरस्त करने, पीटीए शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि एवं विनियमितीकरण तथा रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
प्रदेश अध्यक्ष एवं बीएसएम शिक्षण संस्थान अध्यक्ष ममतेश कुमार शर्मा एडवोकेट ने कहा कि अशासकीय विद्यालयों के अस्तित्व को समाप्त करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। वहीं प्रांतीय महामंत्री संजीव विरमानी एडवोकेट ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल ने भी संगठन को समर्थन देते हुए मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से वार्ता कर प्रबंध समितियों का कार्यकाल पांच वर्ष कराने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम संयोजक एवं बीएसएम शिक्षण संस्थान सचिव रजनीश कुमार शर्मा एडवोकेट तथा प्रधानाचार्य कैप्टन अजय कौशिक ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी डॉ. घनश्याम गुप्ता और अभय ढोढ़ियाल ने संयुक्त रूप से किया।
अधिवेशन में प्रदेशभर से आए जिला अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लेकर अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था में अशासकीय विद्यालयों की भूमिका, चुनौतियों और भविष्य की दिशा को लेकर व्यापक चर्चा हुई।


