उत्तराखण्डधर्म-कर्म

नगाण गांव में श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए सीएम धामी, प्रदेश की खुशहाली की कामना की

उत्तरकाशी 02 मई । पुष्कर सिंह धामी शनिवार को तहसील बड़कोट के नगाण गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया और भगवान की कथा श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
यह कार्यक्रम भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की धर्मपत्नी स्वर्गीय उमा जी के वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने हैं, तब से देश में सनातन धर्म का स्वर्णिम युग आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य की बुद्धि और विवेक जागृत होता है तथा पितरों को भी मोक्ष की प्राप्ति होती है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि यहां चारधाम विराजमान हैं। साथ ही उन्होंने केदारनाथ पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत किए जा रहे कार्यों का भी जिक्र किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगाण गांव में ग्राम प्रधान की मांग पर बारात घर निर्माण का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button