उत्तराखण्डराज्य

आंगनबाड़ी कर्मियों की मांगों पर सरकार गंभीर, सीएम धामी के आश्वासन के बाद हड़ताल टली

देहरादून 02 मई । शनिवार को सचिवालय में पुष्कर सिंह धामी से आंगनबाड़ी कार्यकर्ती/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन, उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन की अध्यक्ष रेखा नेगी ने किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कर्मियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि के विषय में गंभीरतापूर्वक विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील है और इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि मानदेय वृद्धि के संबंध में भारत सरकार से भी अनुरोध किया गया है। मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन के बाद संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति जताई।
इस अवसर पर सचिव मुख्यमंत्री शैलेश बगोली, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव चन्द्रेश कुमार तथा विभागीय निदेशक बी.एल. राणा भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button