सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार और इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

नई दिल्ली 27 अप्रैल ।
उत्तराखण्ड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष जयंत सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार और आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक में चम्पावत जनपद के बनबसा (गुदमी) क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को एशियन हाईवे से जोड़ने की दिशा में तेजी लाने के निर्देश दिए, जिससे अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूती मिल सके।
इसके अलावा, पिथौरागढ़ जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों—धारचूला और झूलाघाट—में सीमा व्यापार, आवागमन और बुनियादी सुविधाओं के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्य स्थानीय जरूरतों और जनहित को ध्यान में रखते हुए किए जाएं, ताकि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल सके और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जाए, जिससे स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और रोजगार के नए अवसर सृजित हों।


