उत्तराखण्डशासन

स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश, निष्पक्ष व निर्विघ्न आयोजन पर जोर

रुद्रपुर,25 अप्रैल 2026 । उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आगामी 17 मई को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने जिला सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलती क्षम्य नहीं होगी, इसलिए सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पर्यवेक्षक परीक्षा से दो दिन पूर्व अनिवार्य रूप से करें। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल, घड़ी और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। प्रत्येक कक्ष में पर्याप्त क्षमता वाले जैमर लगाए जाएंगे तथा परीक्षार्थियों की चेकिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके। परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों पर मॉक ड्रिल और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच भी अनिवार्य रूप से की जाएगी। इसके साथ ही केंद्रों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष ने बताया कि इस बार परीक्षा में एआई आधारित सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का भी प्रयास किया जा रहा है, जो किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत अलर्ट जारी करेगी। साथ ही प्रश्नपत्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुरक्षित रखने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही खोलने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि आयोग स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने आश्वासन दिया कि आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी और परीक्षा पूर्ण सतर्कता के साथ संपन्न कराई जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक क्राइम जितेन्द्र चौधरी, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज कुमार शुक्ल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी भानु प्रताप, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button