विकास को समर्पित भाजपा पर अटूट जन विश्वास, कांग्रेसी दुष्प्रचार के प्रभारी होंगे बेनकाब: भट्ट
जनता को अभूतपूर्व विकास से बदलाव का अहसास, शेष 23 सीटों पर भी खिलेगा कमल
प्रभारी के सियासी पर्यटन से अनजान क्षत्रपों मे बीच चल रही नूरा कुश्ती
देहरादून 19 नवंबर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा है कि जनता का सरकार के विकास कार्यों पर अटूट जन विश्वास है और दुष्प्रचार की मशीन कांग्रेस के प्रभारी अपने सफेद झूठ से डिगा नहीं सकते है।
भट्ट ने कहा कि जनता अपने आसपास अभूतपूर्व बदलाव को महसूस कर रही है, लिहाजा जिन 23 सीटों में कमी रह गई थी वहां भी जनता इस बार कमल खिलाकर पूरी कर लेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभारी थोड़ा धारचूला और चकराता की खबर भी ले लेती, जहां उनके विधायकों ने गुंडागर्दी और बेटियों का अपमान किया है।
मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस प्रभारी का दौरा सिर्फ सियासी पर्यटन है, जिसे बेवजह कांग्रेस के नेता गंभीरता से लेकर आपस में लड़ाई कर रहे हैं। दरअसल उनके प्रभारी और शीर्ष आलाकमान को भी अच्छी तरह अहसास है कि वे प्रदेश मे एक जवाबदेह सरकार कार्य कर रही है।
क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने विकास और जनकल्याण के ऐतिहासिक कार्य किए हैं। जिनका प्रत्यक्ष लाभ जनता गांव-गांव शहर शहर ले रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस प्रभारी के बदलाव वाले बयान पर पलटवार किया कि वह यदा कदा ही उत्तराखंड आती हैं। यदि अपने जमीनी कार्यकर्ता से वह चर्चा करती तो मालूम हो जाता कि उनके आसपास तो पहले ही बड़ा सकारात्मक बदलाव आ चुका है। प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की तरह कांग्रेसियों के आने जाने का सफर आसान हुआ है प्रदेश की बढ़ती आर्थिक समृद्धि से उनके परिवारों की आय में भी बहुत वृद्धि हुई है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना से उनके घरों में भी फ्री राशनफ्री राशन, अटल आयुष्मान योजना से 5 लाख तक का मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा, उज्जवला गैस के कनेक्शन और रिफिलिंग का लाभ मिला रहा है। अब हर घर बिजली योजना सौभाग्य, पीएम सूर्य घर योजना और हर घर नल से जल जैसी योजनाओं ने बिजली, पानी को आम बोलचाल की समस्या सूची से हटा ही दिया है।
उन्होंने कहा कि कठोरतम नकल निरोधक कानून के संरक्षण में हुई परीक्षाओं से 35 हजार से अधिक नियुक्तियों में बहुत से कांग्रेस के कार्यकर्ता और समर्थक परिवार से भी होंगे। यह हो सकता है कि भ्रष्टाचार उन्मूलन के तहत जिन बड़े-बड़े मगरमच्छों पर भी कार्यवाही की गई, उनके प्रति कांग्रेस को सहानुभूति हो। अन्यथा कांग्रेस प्रभारी प्रदेश में भ्रष्टाचार के झूठे आरोप नहीं लगाती। इतना अवश्य है कि कांग्रेस प्रभारी को नाराजगी हो सकती है कि भाजपा सरकार ने यूसीसी लागू किया, धर्मांतरण कानून और दंगारोधी कानून लेकर आए, 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अवैध धार्मिक अतिक्रमणों से आजाद कराया गया। चूंकि ऐसा करने से उनके समर्थक वोट बैंक की प्रदेश के डेमोग्राफी को बदलने की मंशा नेस्तनाबूद हो गई है, जिससे वे नाराज हैं। वे इससे भी खिन्न है कि क्यों जनता 2022 के चुनाव के बाद भी लोकसभा, विधानसभा उपचुनाव, निकाय पंचायत चुनाव में पुरजोर रूप से भाजपा का समर्थन कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी ही नहीं, राहुल प्रियंका एवं अन्य शीर्ष नेतृत्व भी इस सच्चाई को जानते हैं कि उत्तराखंड की जनता विकास की सरकार और भाजपा के साथ है। यही वजह है कि चुनावी मौसम को देखकर वह प्रदेश में राजनीतिक पर्यटन पर आने लगे हैं। अब क्योंकि वे आए हैं तो जो सच चारो तरफ दिख रहा है वो तो कह नहीं सकते, इसलिए एक के बाद एक सफेद झूठ बोलकर दौरे की औपचारिकता निभा रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस प्रभारी को सुझाव दिया कि वे कुमायूं के दौरे पर है तो पहले उन्हें अपने धारचूला विधायक की गुंडागर्दी और शर्मनाक हरकत पर ही खेद प्रकट करना चाहिए था। अब वे गढ़वाल भी आएंगी तो चकराता में बहिन बेटियों को धमकाने एवं अपशब्द कहने वाले अपने विधायक परिजनों की भी चर्चा कर लें। एक नजर कांग्रेस सरकारों के अराजक, भ्रष्टचारी, अनैतिक, विकास और संस्कृति विरोधी सरकार एवं पार्टी पर ही डालें तो बेहतर होगा।
उन्होंने कांग्रेस के स्थानीय नेताओं से भी सहानुभूति जताई जो अपने प्रभारी के दौरे को गंभीर मानते हुए अनावश्यक गुटबाजी और रस्साकशी कर आपस में लड़ भिड़ रहे हैं। क्योंकि सभी जानते हैं कि कांग्रेस में टिकट देते समय न जनता की सुनी जाती है, न कार्यकर्ताओं की और न ही उनके नेताओं की। वहां चारों प्रकार के तरीकों साम, दाम, दंड, भेद में दाम का वजन सबसे अधिक होता है, लिहाजा कांग्रेस के उत्तराखंडी मित्र बेवजह टिकट के लिए आपस में दुश्मनी मोल ले रहे हैं।