दीपावली पर देहरादून में सजेगी मां लक्ष्मी की महाआरती, मुंबई के कलाकारों की प्रस्तुति बनेगी आकर्षण
भारतीय वैश्य महासंघ की ओर से 31 अक्टूबर को क्यूपिड लॉन में होगा भव्य आयोजन, दीपदान और खजाना वितरण के साथ मिलेगा धनतेरस का अनमोल उपहार
देहरादून 30 अक्टूबर ।
दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर भारतीय वैश्य महासंघ (उत्तराखंड) की ओर से मां लक्ष्मी की भव्य महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को जीएमएस रोड स्थित होटल सैफरन लीफ के क्यूपिड लॉन में आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुंबई सिने जगत के कलाकार विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कार्यक्रम में मुंबई के कलाकारों द्वारा **’मैं अयोध्या हूं’ नाट्य प्रस्तुति** के साथ नॉन स्टॉप लाइट एंड साउंड शो प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही दीपदान, मां लक्ष्मी की महाआरती, खजाना वितरण तथा धनतेरस के अनमोल उपहार की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम सायं 5:30 बजे से प्रारंभ होगा। दीपावली के उल्लास, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन में श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों को मां लक्ष्मी की महाआरती में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
भारतीय वैश्य महासंघ (उत्तराखंड) की ओर से सभी इष्ट-मित्रों एवं परिवारजनों सहित कार्यक्रम में सम्मिलित होने का सादर आमंत्रण दिया गया है। आयोजकों ने सभी आमंत्रित अतिथियों से अनुरोध किया है कि कार्यक्रम में किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए प्रारंभ होने से पूर्व अपना स्थान ग्रहण कर लें।