आदर्श रामलीला ट्रस्ट द्वारा 12 अक्टूबर से राजपुर देहरादून में श्री रामलीला महोत्सव -2026 का भव्य आयोजन
देहरादून राजपुर,24 सितम्बर । श्री आदर्श रामलीला ट्रस्ट राजपुर देहरादून द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी अपने पारम्परिक स्वरुप में 77 वर्ष में श्री रामलीला महोत्सव -2026 का आयोजन दूसरे नवरात्रि से 12 अक्टूबर 2026 से राजपुर में किया जा रहा है।
श्री आदर्श रामलीला ट्रस्ट राजपुर के प्रधान योगेश अग्रवाल ने बताया कि श्री रामलीला महोत्सव राजपुर के मंचन में सभी पात्र स्थानीय है,जो दिन रात अभ्यास स्वरुप मेहनत करके अपनी अदाकारी का मंचन करते है । ट्रस्ट के संरक्षक विजय जैन ने बताया कि विगत वर्ष आये एक अतिथि के सुझाव पर इस वर्ष श्री रामलीला रंगमंच का आकार काफी बड़ा कर दिया गया। जिसके लिए बड़े परदे और अन्य सामग्री प्रबंधित करनी भी पड़ी। मंत्री अजय गोयल तथा कोषाध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि श्री रामलीला महोत्सव 2026 के मंचन हेतु दि0 1अक्टूबर 2026 से रिहर्सल का कार्य प्रारंभ किया जायेगा। उपप्रधान संजीव गर्ग तथा शिवदत्त अग्रवाल ने बताया कि श्रीरामलीला 12 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 25 अक्टूबर 2026 तक मंचन किया जायेगा। दि0 24 अक्टूबर को कुमार भरत की श्रीराम के वन से वापसी की शोभायात्रा शहंशाह आश्रम से प्रारंभ होकर रात 7-30 बजे ढाकपट्टी राजपुर बस स्टैंड पर पहुंचेगी, जहां श्रीराम भरत मिलन की लीला का हृदयस्पर्शी मंचन किया जायेगा। प्रधान योगेश अग्रवाल ने सभी मीडिया के सम्मानित बंधुओं तथा श्रृद्धालू अतिथि गणों और भक्त एवं जनों के राजपुर की मनोहारी श्री रामलीला के दर्शन एवं पुण्य अर्जन हेतु सादर आमंत्रित किया है।


