उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने किया राधा अष्टमी शोभायात्रा का शुभारंभ, जलालाबाद में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

जलालाबाद 19 सितम्बर । राधा अष्टमी के पावन पर्व पर शनिवार को जलालाबाद श्री राधा रानी की भक्ति में सराबोर नजर आया। नगर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। चारों ओर श्री राधा रानी के जयकारे गूंजते रहे और डीजे पर बज रहे भजनों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते भक्ति में झूमते नजर आए।
मुहल्ला आर्य नगर स्थित सभासद राजेश सैनी एवं सपना सैनी के आवास से रसिक संत स्वामी किशोरी शरण दास महाराज के सानिध्य में शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने फीता काटकर शोभायात्रा को रवाना किया। पालकी में भव्य रूप से विराजमान श्री राधा रानी की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
शोभायात्रा आर्य नगर से मोती बाजार होते हुए नीलगरान चौक पहुंची। यहां से श्रद्धालुओं का कारवां रामनगर पहुंचा, जहां समाजसेवी संजीव सैनी एवं प्रीति सैनी के आवास पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर श्री राधा रानी की सामूहिक आरती उतारी गई। इसके बाद शोभायात्रा आईटीआई मार्ग होते हुए मिट्ठी कुई शिवालय पहुंची।
शिवालय परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भजन-कीर्तन और प्रवचन के साथ बधाई गीतों की गूंज रही। श्रद्धालुओं ने श्री राधा रानी के जन्मोत्सव पर एक-दूसरे को बधाई दी और भगवान के भजनों पर जमकर नृत्य किया। पूरे वातावरण में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर रसिक संत स्वामी किशोरी शरण दास महाराज ने कहा कि भगवान की भक्ति में नृत्य करना और ताली बजाकर प्रभु का गुणगान करना भी साधना का एक माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेम, भक्ति और सद्भाव के साथ भगवान का स्मरण करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में श्री राधा रानी की सामूहिक आरती उतारी गई। इसके बाद हलवा, चावल और कढ़ी का भोग लगाया गया। आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शोभायात्रा एवं धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में मीडिया क्लब अध्यक्ष केके वत्स, मैना रानी, भाजपा नेता ठाकुर सोमवीर सिंह, जनेश्वर सैनी, बुधराज नारंग, अवनीश आहूजा, बोबी सैनी, राधा रानी, प्रज्ञा सैनी, काला सैनी, सुशील जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आयोजकों का सहयोग रहा।

Related Articles

Back to top button