उत्तराखण्डहेल्थ

पोषण मेला: स्वस्थ भोजन के चुनाव और एनीमिया की रोकथाम के प्रति जागरूक हुए स्कूली छात्र

ऋषिकेश 07 सितंबर । एम्स ऋषिकेश के कॉलेज ऑफ नर्सिंग के तत्वावधान में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह 2026 के तहत खदरी स्थित विवेका एकेडमी में ‘कम्युनिटी न्यूट्रिशन मेला’ आयोजित किया गया। मेले में कक्षा आठ के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को संतुलित पोषण, स्वस्थ भोजन के चुनाव, एनीमिया की रोकथाम तथा पोषण संबंधी भ्रांतियों के प्रति जागरूक करना रहा।
‘खेलो, सीखो, बदलो-स्वस्थ समुदाय, स्वस्थ भविष्य’ के संदेश पर आधारित मेले में विद्यार्थियों को पारंपरिक व्याख्यान के बजाय ‘हैंड्स-ऑन’ यानी व्यावहारिक एवं इंटरैक्टिव गतिविधियों के माध्यम से पोषण की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने संतुलित आहार, किफायती पोषण, पैक्ड फूड में छिपी चीनी, नमक एवं फैट तथा आयरन से भरपूर खाद्य पदार्थों के बारे में जानकारी हासिल की।
कार्यक्रम का आयोजन एमएससी एवं बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों के संयुक्त सहयोग से किया गया। इस दौरान आयोजित प्रश्न-उत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने पोषण से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं और भ्रांतियों को दूर किया। गतिविधियों के माध्यम से जटिल पोषण संबंधी अवधारणाओं को सरल, व्यावहारिक और रोचक तरीके से समझाया गया।
कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल प्रो. डॉ. स्मृति अरोड़ा और विवेका एकेडमी की प्रिंसिपल श्रीमती दिवेश्वरी देवी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के रचनात्मक एवं सहभागी आयोजनों से बच्चों के शारीरिक और बौद्धिक विकास को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि बचपन से ही सही पोषण की जानकारी स्वस्थ जीवनशैली की मजबूत नींव तैयार करती है।
मेले ने समुदाय आधारित निवारक स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य संवर्धन शिक्षा में नर्सिंग विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. राजराजेश्वरी, सुश्री रीना, श्री मुरली, श्री सचिन और श्री मुकेश सहित अन्य का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button