सेवा पखवाड़ा में अंतिम छोर तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ: गणेश जोशी
17 सितंबर को 10 लाख किसान जलाएंगे ‘आशीर्वाद का दीपक’, पीएम मोदी को देंगे जन्मदिवस की शुभकामनाएं
देहरादून 07 सितंबर ।
आगामी 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़ा की तैयारियों को लेकर सोमवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कैंप कार्यालय से प्रतिभाग किया। इस दौरान सेवा पखवाड़ा के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक में विभिन्न राज्यों के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रियों से कार्यक्रमों को लेकर सुझाव भी लिए। उन्होंने सेवा पखवाड़ा के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को व्यापक स्तर पर आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा पखवाड़ा के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जोशी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शाम सात बजे उत्तराखंड के करीब 10 लाख किसान अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीपक’ जलाएंगे। इसके माध्यम से किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देंगे। कृषि मंत्री ने प्रदेशवासियों से भी अधिक से अधिक संख्या में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने का आह्वान किया।
बैठक में निदेशक कृषि दिनेश कुमार और निदेशक उद्यान आरके सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।