युवा मोर्चा ने राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष कुंदन लटवाल का किया स्वागत
देहरादून,29 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय में शनिवार को महानगर युवा मोर्चा की ओर से उत्तराखंड सरकार में दर्जाधारी राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष कुंदन लटवाल का स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि देहरादून महानगर के युवाओं के लिए यह हर्ष का विषय है कि कुंदन लटवाल को उत्तराखंड सरकार में महत्वपूर्ण दायित्व मिला है। उन्होंने कहा कि लटवाल पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं और उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा ने अनेक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ने और उनका मार्गदर्शन करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन को युवाओं के बीच मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर कार्य किया था।
मुख्य अतिथि कुंदन लटवाल ने स्वागत एवं अभिनंदन के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। संगठन ने उन्हें समय-समय पर जो भी जिम्मेदारी दी, उन्होंने संगठन के कार्य को सर्वोपरि मानते हुए पूरी निष्ठा के साथ उसका निर्वहन किया है।
उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि भारतीय जनता पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने के लिए युवाओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और एकजुटता से मजबूत होता है। युवा कार्यकर्ता संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के साथ ही जनसेवा के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष कुलदीप पंत ने की। इस अवसर पर महानगर युवा मोर्चा प्रभारी संकेत नौटियाल, महानगर उपाध्यक्ष ओम खक्कड़, महानगर महामंत्री संदीप भट्ट, मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, उज्ज्वल नेगी, कमल राठौर, देवेंद्र बिष्ट, मोहित शर्मा, महानगर मंत्री जगदीश सेमवाल, अंकुश रौथाण, हर्ष, साक्षी शंकर, अजय सिंह, विनोद तोमर, अक्षय जैन, रवि राठौर, मुकेश डबराल, मलकीत सिंह, मुन्ना कुमार एवं नीरज सहित बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।