उत्तराखण्डजनकल्याणकारी योजना

मंदाकिनी विहार में क्षतिग्रस्त पुल का मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण, एक सप्ताह में डीपीआर तैयार करने के निर्देश

देहरादून, 29 अगस्त। चिड़ोंवाली स्थित मंदाकिनी विहार में क्षतिग्रस्त पुल का कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पुल की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने पुल में हुए धंसाव को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्थान पर तत्काल भरान कार्य कराने को कहा, ताकि आवागमन प्रभावित न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर नए पुल के निर्माण की डीपीआर तैयार कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे पुनर्निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके।
मंत्री ने धंसाव वाले स्थान पर तत्काल बैरिकेडिंग करने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बरसात के कारण पुल एवं आसपास के क्षेत्र में हुए नुकसान को देखते हुए आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रवासियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
इस अवसर पर भाजपा नेता सुरेंद्र राणा, मंजू, कुलदीप रावत, विजय ध्यानी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, अधिशासी अभियंता बीएन द्विवेदी सहित विभागीय अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button