देव सिंह मैदान से विजडम तिराहा तक राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी ने जताई कड़ी नाराजगी, तीन दिन में सड़क दुरुस्त करने के निर्देश
पिथौरागढ़,
28 अगस्त 2026। जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगाई ने देव सिंह मैदान से विजडम तिराहा तक राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सड़क की स्थिति में सुधार न होने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि तीन दिन के भीतर उक्त सड़क मार्ग को दुरुस्त कर आवागमन सुचारु किया जाए जिलाधिकारी ने कहा कि देव सिंह मैदान से विजडम तिराहा तक सड़क की खराब स्थिति के संबंध में संबंधित अधिकारियों को बार-बार अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कहा कि जनसुविधा से जुड़े कार्यों में इस प्रकार की उदासीनता किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौके पर तत्काल निरीक्षण करते हुए सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों, गड्ढों एवं अन्य कमियों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग नगर क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों एवं वाहनों का आवागमन होता है। सड़क खराब होने के कारण आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर किया जाना सुनिश्चित किया जाए जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तीन दिन की निर्धारित समयसीमा के भीतर देव सिंह मैदान से विजडम तिराहा तक सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को केवल निर्देश प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि मौके पर जाकर कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की स्वयं निगरानी करनी होगी।
उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्य को महज खानापूर्ति के रूप में न किया जाए। सड़क के खराब हिस्सों को स्थायी रूप से ठीक करने के साथ ही कार्य पूर्ण होने के बाद इसकी स्थलीय जांच भी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी विभाग द्वारा जनता से जुड़ी समस्याओं की अनदेखी अथवा कार्यों में अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।