वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की बैठक में वरिष्ट नागरिक दिवस पर जनकल्याण के कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति
देहरादून, 16 अगस्त 2026। उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को होटल कैलिस्टा, पटेल नगर, देहरादून में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 1 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ नागरिक कल्याण दिवस को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाने तथा इस अवसर पर जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी।
बैठक की शुरुआत ईश वंदना एवं सामूहिक प्रार्थना से हुई। इसके पश्चात संस्था के प्रख्यात भजन गायक शिखर कुच्छल ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित सदस्यों को भाव-विभोर कर दिया।
संस्था के अध्यक्ष डी.के. शर्मा एवं महासचिव धन प्रकाश गोयल ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक कल्याण दिवस के अवसर पर जनकल्याण के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए शीघ्र ही एक कोर कमेटी का गठन किया जाएगा।
असहाय बुजुर्गों का बढ़ाया जाएगा मनोबल
बैठक में निर्णय लिया गया कि समिति द्वारा असहाय एवं जरूरतमंद बुजुर्गों के घर जाकर उनका हालचाल जाना जाएगा तथा उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। समिति वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान और उनके सम्मानजनक जीवन के लिए निरंतर कार्य करेगी।
संस्था के विस्तार और पंजीकरण पर जोर
बैठक में संस्था का विस्तार करने का भी निर्णय लिया गया। निकट भविष्य में 60 वर्ष से अधिक आयु के नए सदस्यों को समिति से जोड़ने के लिए जनजागरण अभियान शुरू किया जाएगा। साथ ही संस्था का विधिवत पंजीकरण कराने की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू की जाएगी।
सड़क के गड्ढों को ठीक कराने के लिए डीएम को देंगे ज्ञापन
बरसात के दौरान सड़कों पर बने छोटे-बड़े गड्ढों के कारण वरिष्ठ नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानी का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। समिति द्वारा इन गड्ढों को शीघ्र ठीक कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया। सदस्यों ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति विशेष रूप से बुजुर्गों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकती है।
बैठक में एन.एस. बिरजी, सुबोध कुलश्रेष्ठ, नवीन गोयल, शिखर कुच्छल, विवेक अग्रवाल, कमलेश अग्रवाल, प्रदीप नागलिया, सुनील अग्रवाल सहित समिति के अन्य सदस्य एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।