देहरादून प्रशासन की लापरवाही से बड़ा हादसा: प्रसिद्ध समाजसेवी हेमराज अरोड़ा सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल, पैर में आया मल्टीपल फ्रैक्चर।
देहरादून 14 अगस्त 
। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्मार्ट सिटी और सड़कों के रखरखाव को लेकर प्रशासनिक दावों की पोल एक बार फिर खुल गई है। देहरादून प्रशासन की घोर लापरवाही का एक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां सड़क के बीचों-बीच बने एक गहरे गड्ढे के कारण शहर के एक प्रतिष्ठित नागरिक और जाने-माने समाजसेवी हादसे का शिकार हो गए। इस दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, देहरादून के प्रतिष्ठित और धार्मिक और सामाजिक कार्यों में हमेशा बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले “श्री महाकाल सेवा समिति के कार्यकारिणी सदस्य हेमराज अरोड़ा” मंगलवार रात्रि को अपनी नियमित धार्मिक दिनचर्या पूरी कर घर लौट रहे थे। हर सप्ताह की भांति वह घंटाघर पर आयोजित हनुमान चालीसा के पाठ में सम्मिलित हुए थे। पाठ संपन्न होने के बाद रात्रि करीब 10:30 बजे जब वह अपने निवास स्थान टपकेश्वर कॉलोनी की ओर जा रहे थे, तभी राजेंद्र नगर स्थित ‘चाय सुटटा बार’ के समीप यह हादसा घटित हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों और पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, रात्रि के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी न होने और अत्यधिक अंधेरा होने के कारण सड़क के ठीक बीचों-बीच मौजूद भारी गड्ढा दिखाई नहीं दिया। जैसे ही हेमराज जी की गाड़ी वहां पहुंची, वह असंतुलित होकर सीधे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वह वाहन समेत सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उनके पैर घुटने में गंभीर फ्रैक्चर हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार इसी स्थान पर कई लोग चोटिल हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अत्यंत गंभीर हालत में नजदीकी दून अस्पताल ले जाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत एडमिट कर उपचार शुरू कर दिया है। इस हादसे के बाद से स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों में देहरादून प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर इस तरह के जानलेवा गड्ढे होने के बावजूद लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है, जिसके कारण आए दिन राहगीर और वाहन चालक अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं। परिजनों और शुभचिंतकों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।