उत्तराखण्डराज्य

उत्तराखंड को स्किल हब बनाने की तैयारी, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार होंगे कौशल विकास कार्यक्रम

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कौशल विकास एवं रोजगार योजनाओं की समीक्षा की, युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर

देहरादून, 07 अगस्त। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में कौशल विकास एवं रोजगार से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में संचालित कौशल विकास योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रोजगार एवं प्लेसमेंट की स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं की रुचि, स्थानीय रोजगार की संभावनाओं और बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि कौशल विकास से संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ एक प्लेटफॉर्म पर काम करना चाहिए, ताकि युवाओं को विभिन्न योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ लेने में आसानी हो। उन्होंने प्रदेश को ‘स्किल हब’ के रूप में विकसित करने के लिए सचिव कौशल विकास को सेतु आयोग की राय लेते हुए सभी स्टेकहोल्डर्स को शामिल कर एक समग्र डैशबोर्ड तैयार करने के निर्देश दिए।
119 आईटीआई क्रियाशील, 90 आईटीआई पोर्टल पर मैप
सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन श्री सी. रविशंकर ने बैठक में कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समग्र कौशल विकास के लिए स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा के सहयोग से उद्योगों के मानकों के अनुरूप आईटीआई को अपग्रेड किया जाना है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 119 आईटीआई क्रियाशील हैं, जबकि इनमें से 90 आईटीआई को पोर्टल पर मैप किया जा चुका है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आईटीआई में शॉर्ट-टर्म ट्रेनिंग कोर्स शुरू करने के लिए टाटा टेक्नोलॉजीज के साथ कार्य किया जा रहा है।
विदेश में रोजगार के लिए युवाओं को वैश्विक मानकों का प्रशिक्षण
सचिव ने बताया कि उत्तराखंड के युवाओं को विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के माध्यम से वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके तहत युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ भाषा ज्ञान और विदेश में रोजगार के लिए आवश्यक अन्य दक्षताएं उपलब्ध कराने के लिए तीन एजेंसियों से बातचीत की गई है।
रोजगार प्रयाग पोर्टल से जुड़ रहे निजी नियोक्ता
बैठक में बताया गया कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए रोजगार प्रयाग पोर्टल पर निजी क्षेत्र के नियोक्ताओं का भी पंजीकरण किया जा रहा है। अब तक 162 निजी नियोक्ताओं को पोर्टल से जोड़ा जा चुका है, जिससे युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
बैठक में सेवायोजन विभाग के उच्चाधिकारी सहित कौशल विकास एवं रोजगार से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button