उत्तराखण्डराज्य

बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, आधारभूत संरचना विकास पर रहेगा फोकस

देहरादून, 5 अगस्त 2026। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं (EAP) की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण हो चुकी, गतिमान और प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विशेष फोकस करने को कहा।
मुख्य सचिव ने पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की क्लोजर रिपोर्ट संबंधित फंडिंग एजेंसी, आर्थिक कार्य विभाग (DEA), वित्त मंत्रालय भारत सरकार तथा संबंधित केंद्रीय लाइन डिपार्टमेंट को अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने धीमी गति से संचालित परियोजनाओं की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यक कदम उठाने को कहा। परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए मैनपावर और मशीनरी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने मसूरी और नैनीताल में अंडरग्राउंड विद्युत लाइन परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश ऊर्जा विभाग को दिए। वहीं, उत्तराखंड इंटीग्रेटेड हॉर्टिकल्चर प्रोजेक्ट में तेजी लाने के लिए डेडिकेटेड पीएमयू स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना की नियमित निगरानी सुनिश्चित करते हुए इसे समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
मुख्य सचिव ने शिक्षा के क्षेत्र, विशेषकर तकनीकी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों और आईटीआई में आधारभूत सुविधाओं के विकास पर कार्य करने के निर्देश दिए। इसके लिए बाह्य सहायता से वित्तपोषित परियोजनाएं तैयार करने को कहा गया।
उन्होंने रिवर रिजुविनेशन, पशुपालन, डेयरी, फिशरीज और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से संबंधित परियोजनाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि इन क्षेत्रों में बेहतर परियोजनाएं तैयार कर बाह्य वित्तीय सहायता का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं और जनसुविधाओं का विस्तार हो सके।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, रणजीत सिंह चौहान, विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव विनीत कुमार एवं हिमांशु खुराना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button