लोक हास्य दिवस पर धूमधाम से मनाई गई घन्ना भाई की 73वीं जयंती
देहरादून,04 अगस्त 2026।
घन्ना भाई फाउंडेशन द्वारा संस्कृति विभाग, उत्तराखण्ड के प्रेक्षागृह, देहरादून में उत्तराखण्ड के लोक हास्य सम्राट स्वर्गीय श्री घन्ना भाई की 73वीं जयंती के अवसर पर “लोक हास्य दिवस” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत थे। उन्होंने अपने संबोधन में स्वर्गीय घन्ना भाई के उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति एवं लोक हास्य के क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी विरासत नई पीढ़ी के कलाकारों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने घन्ना भाई फाउंडेशन द्वारा लोक हास्य एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली उत्तराखण्ड की चार विशिष्ट विभूतियों को “घन्ना भाई सम्मान” से सम्मानित किया गया—
* शिक्षा के क्षेत्र में – अधिवक्ता ललित जोशी
* स्वास्थ्य के क्षेत्र में – पद्मश्री डॉ. आर. के. जैन
* लोक हास्य के क्षेत्र में – किशन बगोठ
* सनातन धर्म के क्षेत्र में – आचार्य सुरेन्द्र प्रसाद सुन्दरियाल जी महाराज
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के उभरते हुए हास्य कलाकार संदीप चिलबिट की प्रस्तुति ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और खूब तालियाँ बटोरीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हास्य नाटक “खाड़ू ला पता हड़िया” रहा, जिसने उपस्थित दर्शकों को हँसी से लोटपोट कर दिया। इस नाटक में अरविन्द नेगी, गोकुल पंवार, दीपक ब्यास एवं दीपक ने अपने उत्कृष्ट अभिनय से सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकार, कलाकार, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, संस्कृति प्रेमी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान सभागार दर्शकों से खचाखच भरा रहा और सभी ने घन्ना भाई फाउंडेशन की इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
घन्ना भाई फाउंडेशन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य उत्तराखण्ड की लोक हास्य परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाना, नवोदित कलाकारों को मंच प्रदान करना तथा प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। भविष्य में भी फाउंडेशन इसी प्रकार लोक संस्कृति एवं लोक हास्य के संरक्षण हेतु निरंतर कार्य करता रहेगा।