उत्तराखंड में औषधि निर्माताओं को ई-औषधि पोर्टल का दिया गया प्रशिक्षण

उत्तराखंड में आयुर्वेदिक एवं यूनानी औषधि निर्माताओं को मिला e-Aushadhi पोर्टल का प्रशिक्षण, अब लाइसेंस प्रक्रिया होगी पूरी तरह ऑनलाइन
देहरादून,14 जुलाई 2026 । आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा लागू e-Aushadhi.gov.in पोर्टल के प्रभावी संचालन के लिए मंगलवार को उत्तराखंड के आयुर्वेदिक एवं यूनानी औषधि निर्माताओं तथा औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवा निदेशालय, देहरादून के सभागार में किया गया।
प्रशिक्षण का संचालन राज्य औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार एवं सहायक औषधि नियंत्रक डॉ. आलोक शुक्ला ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को e-Aushadhi.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन, लाइसेंस निर्गमन, नवीनीकरण तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आयुष मंत्रालय का उद्देश्य आयुर्वेदिक, सिद्ध एवं यूनानी (एएसयू) औषधियों के निर्माण और लाइसेंस संबंधी सभी प्रक्रियाओं को पूर्णतः डिजिटल एवं पारदर्शी बनाना है। अब औषधि निर्माण से जुड़े लाइसेंस जारी करने सहित अन्य सभी कार्य e-Aushadhi पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और पारदर्शी होगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न आयुर्वेदिक एवं यूनानी औषधि निर्माताओं तथा औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। साथ ही सभी जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित औषधि निर्माण इकाइयों एवं परीक्षण प्रयोगशालाओं की सहभागिता सुनिश्चित कराई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पोर्टल के व्यावहारिक उपयोग, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया तथा तकनीकी पहलुओं की भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि राज्य में नई ऑनलाइन प्रणाली का सुचारु रूप से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।



