उत्तराखण्डराजनीति

राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा ‘राजनीतिक पर्यटन’, जनता को टूरिस्ट नहीं जनसेवक नेता चाहिए: हनी पाठक

देहरादून,13 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे पर तीखा हमला बोलते हुए इसे चुनावी राजनीति से प्रेरित करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को उत्तराखंड केवल चुनाव के समय ही याद आता है, जबकि प्रदेश की जनता को ऐसे “टूरिस्ट नेता” नहीं, बल्कि लगातार जनसेवा करने वाले नेता चाहिए।
हनी पाठक ने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा जनता के हित में नहीं, बल्कि कांग्रेस के बिखरे हुए संगठन और बचे-खुचे कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का असफल प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पांच वर्षों तक उत्तराखंड से दूर रहते हैं और चुनाव नजदीक आते ही “पहाड़-पहाड़” की बात करने लगते हैं। यह जनसेवा नहीं, बल्कि राजनीतिक पर्यटन है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस पूरी तरह जनाधार खो चुकी है। संगठन कमजोर हो चुका है, कार्यकर्ता बिखरे हुए हैं और नेता दिल्ली में बैठकर केवल बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले अपनी पार्टी को संभालें, क्योंकि उत्तराखंड में कांग्रेस के पास अब कोई प्रभावी चेहरा नहीं बचा है।
उन्होंने कहा कि एक ओर डबल इंजन की भाजपा सरकार विकास, रोजगार और सुशासन के एजेंडे पर काम कर रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के पास केवल आरोप, भ्रम और झूठ की राजनीति बची है। राहुल गांधी का स्वागत है, लेकिन उन्हें प्रदेश की जनता के सामने ठोस विजन और विकास का एजेंडा लेकर आना चाहिए, न कि केवल राजनीतिक भाषण।
हनी पाठक ने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता ने वर्ष 2014, 2019 और 2022 में भाजपा पर भरोसा जताया है और 2027 में भी भाजपा को ही समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता परिवारवाद नहीं, राष्ट्रवाद और नाम नहीं बल्कि काम की राजनीति को पसंद करती है।
अंत में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा “नौ दिन चले अढ़ाई कोस” वाली कहावत जैसा है। पांच साल तक प्रदेश की सुध नहीं ली और अब चुनाव नजदीक आते ही उत्तराखंड की याद आ गई है। जनता इस चुनावी राजनीति को भलीभांति समझती है।

Related Articles

Back to top button