उत्तराखण्डराज्य

नीति आयोग ने की उत्तराखण्ड की विकास यात्रा की सराहना, स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने पर दिया जोर

देहरादून 08 जुलाई। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय स्थित अपने सभागार में उत्तराखण्ड दौरे पर आए नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास एवं उनकी टीम का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में राज्य की प्रगति, आर्थिक विकास और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
बैठक के दौरान प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने राज्य की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया, जबकि नीति आयोग की सलाहकार एवं कार्यक्रम निदेशक डॉ. सोनिया पंत ने प्रदेश की प्रमुख उपलब्धियों और आर्थिक रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखण्ड ने आर्थिक विकास, आधारभूत ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, पर्यटन और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखण्ड ने देश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। साथ ही, ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस और नागरिक-अनुकूल नियामक प्रक्रियाओं के माध्यम से निवेश और जनसुविधाओं को बढ़ावा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के कारण दूरस्थ क्षेत्रों तक किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना अभी भी बड़ी चुनौती है। महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की समस्या के समाधान तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए नीति आयोग से तकनीकी सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने हिमालयी क्षेत्रों की स्वास्थ्य चुनौतियों पर अनुसंधान, टेलीमेडिसिन, क्षमता निर्माण और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए एम्स सहित अन्य उत्कृष्ट संस्थानों को नॉलेज पार्टनर बनाने का सुझाव दिया।
नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास ने उत्तराखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य से जुड़े आउटकम इंडिकेटर्स और एसडीजी लक्ष्यों को और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि मातृ मृत्यु दर और नवजात मृत्यु दर जैसे संकेतकों में राज्य की स्थिति राष्ट्रीय औसत से बेहतर है, लेकिन इसमें और सुधार की संभावनाएं हैं।
उन्होंने संस्थागत प्रसव, टीबी उपचार, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत स्वास्थ्य ढांचे, आपातकालीन एवं ट्रॉमा केयर सेवाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही आयुष सेवाओं के विस्तार और मजबूत आयुष इकोसिस्टम विकसित करने की आवश्यकता भी बताई।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, उप सचिव नीति आयोग श्री दीपक कुमार, ओएसडी नीति आयोग डॉ. शोभित कुमार सहित शासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button