प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने की 40 परियोजनाओं की समीक्षा
देहरादून,30 जून। मुख्य सचिव
आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शिलान्यास की गई विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राज्यभर में संचालित 40 गतिमान परियोजनाओं की प्रगति का विभागवार आकलन किया गया। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित सचिवों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए उनकी अद्यतन प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर पोर्टल पर अपलोड की जाए तथा प्रत्येक प्रोजेक्ट के साथ उसके पूर्ण होने की संभावित तिथि भी अंकित की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य इस वर्ष के अंत तक पूरा होना है, उन्हें मानसून के दौरान विशेष निगरानी में रखा जाए ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरे किए जा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में पर्यटन विभाग के अंतर्गत महासू देवता हनोल में समग्र बुनियादी ढांचे के विकास तथा जागेश्वर धाम मंदिर से संबंधित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जाए और तय समयसीमा के भीतर इन्हें पूरा किया जाए।
शहरी विकास विभाग को देहरादून में जलापूर्ति, सीवरेज एवं जल निकासी प्रणाली के विकास कार्यों में तेजी लाने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने लखवाड़ बहुद्देश्यीय परियोजना (300 मेगावाट), 220 केवी बनबसा सबस्टेशन (100 एमवीए) एवं उससे जुड़ी ट्रांसमिशन लाइन, चमोली में 400 केवी पिपलकोटी स्विचिंग सबस्टेशन एवं ट्रांसमिशन लाइन तथा टिहरी जनपद के घनसाली में 220 केवी सबस्टेशन के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन स्वीकृति, भूमि हस्तांतरण एवं अन्य लंबित मामलों की लगातार पैरवी करते हुए कार्यों की नियमित निगरानी की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने 13 जनपदों की 73 पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत 133 सड़कों (96 प्रतिशत कार्य पूर्ण), 151 पुलों (97 प्रतिशत कार्य पूर्ण) तथा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत उधम सिंह नगर में नदी पुनर्जीवन कार्य (98 प्रतिशत पूर्ण) को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री एल. फैनाई एवं श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री दिलीप जावलकर, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, श्री रविनाथ रमन, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. सुरेन्द्र नारायण पाण्डेय, श्री सी. रविशंकर, श्री युगल किशोर पंत, श्री रणवीर सिंह चौहान एवं श्री राजेन्द्र कुमार सहित संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
